झालावाड़ के असनावर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बाइक ने पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्षीय मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर बाइक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। रात 10 बजे हुआ दर्दनाक हादसा असनावर थाना क्षेत्र की नई आबादी में गुरुवार रात करीब 10 बजे शंकरलाल अपने चार वर्षीय पुत्र मयंक के साथ पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पिता भी चोटिल हुए। अस्पताल में तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद घायल मयंक को असनावर से झालावाड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया। बाइक नंबर के आधार पर केस दर्ज घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने असनावर थाना पुलिस को जानकारी दी। शुक्रवार को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। आरोपी चालक की तलाश जारी पुलिस ने पिता शंकरलाल की रिपोर्ट के आधार पर बाइक के नंबर से मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।