झालावाड़ जिले में हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के अवैध कब्जों पर प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। गंगधार थाना क्षेत्र के मादक पदार्थ तस्कर संजय मीणा (48) द्वारा सरकारी चरागाह भूमि पर किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस का भारी जाब्ता मौके पर तैनात रहा। यह कार्रवाई जिले में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर और सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जिला प्रशासन और पुलिस ऐसे अपराधियों की पहचान कर रही है, जिन्होंने आपराधिक गतिविधियों से धन अर्जित कर संपत्तियां बनाई हैं या सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किए हैं। पक्की दुकान तोड़ी इसी क्रम में गंगधार थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के कब्जे वाली सरकारी चरागाह भूमि का सर्वे कराया गया। जांच में सामने आया कि उसने चरागाह भूमि के बड़े हिस्से पर अवैध रूप से कब्जा कर एक पक्की दुकान का निर्माण किया था। साथ ही दो अन्य स्थानों पर नींव, कुर्सी और दीवार बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सोमवार को बुलडोजर की मदद से सभी अवैध निर्माणों को हटाया। इस प्रकार, भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नशा तस्करी, जानलेवा हमला समेत 5 मामले है दर्ज पुलिस के अनुसार संजय मीणा लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके विरुद्ध पहला मामला वर्ष 1999 में गंगधार थाने में मादक पदार्थ तस्करी का दर्ज हुआ था, जिसमें 1260 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था। इसके अलावा उस पर कानूनगो पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने, जान से मारने की धमकी देकर अवैध वसूली, मारपीट और छेड़छाड़ सहित कुल पांच आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह गंगधार थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। कार्रवाई के दौरान गंगधार तहसीलदार गणेश खंगार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही।