झालावाड़ शहर के सिटी फोरलेन मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें और हाईमास्ट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं, जिससे रात के समय घना अंधेरा छाया रहता है। इस कारण वाहन चालकों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। शनिवार रात भी मामू-भांजे चौराहे से झालरापाटन मार्ग तक कई स्थानों पर अंधेरा पसरा रहा। यह समस्या लगातार सामने आ रही है, जबकि इस मार्ग पर देर रात तक भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। कोटा रोड से झालरापाटन की ओर जाने वाले सिटी फोरलेन पर मामू-भांजे चौराहा और अस्पताल चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगी हैं, लेकिन वे अक्सर बंद रहती हैं। कॉलेज रोड पर भी रहता है अंधेरा इसी तरह कॉलेज रोड पर भी रात के समय अंधेरा बना रहता है। अस्पताल आने-जाने वाले लोग और शहर में प्रवेश करने वाले नागरिक देर रात तक इस मार्ग का उपयोग करते हैं। अंधेरे के कारण यहां असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका बनी रहती है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सिटी फोरलेन पर पहले भी अंधेरे के कारण हादसे हो चुके हैं। चाय-पान की दुकान चलाने वाले कमल शर्मा ने बताया कि सर्विस लेन से गुजरते समय पूर्व में एक बाइक सवार युवक की मौत हो चुकी है। अस्पताल के पास ढाबा संचालक दिनेश प्रजापति ने भी कहा कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहने की समस्या आए दिन बनी रहती है। शहरवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सिटी फोरलेन और अन्य प्रमुख मार्गों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों तथा हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र ठीक कराया जाए। इससे संभावित हादसों को रोका जा सकेगा और आमजन को रात के समय आवागमन में राहत मिलेगी।