झालावाड़ जिले के खानपुर सर्किल में एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सूझबूझ से लापता बालिका को एक अपराधी के चंगुल से सुरक्षित बचाया। कांस्टेबल ने भाग रहे आरोपी को भी मौके पर ही पकड़ लिया। यह घटना 8 अप्रैल को सामने आई, जब बालिका के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 8 अप्रैल को खानपुर पुलिस थाने को एक 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी कृष्ण गोपाल (आरपीएस प्रो.) ने तुरंत खानपुर सर्किल के सभी थानों को अलर्ट कर दिया। बालिका की पहचान के लिए उसका हुलिया, उम्र और अन्य जानकारी वायरलेस के माध्यम से सभी जगह प्रसारित की गई। पुलिस की कई अलग-अलग टीमें गठित कर बालिका के मिलने के संभावित स्थानों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान, कांस्टेबल अशोक कुमार बालिका की तलाश करते हुए थाना पनवाड़ और थाना कनवास की सीमा के नजदीक एक सुनसान नदी के किनारे से गुजर रहे थे। उन्होंने झाड़ियों में कुछ असामान्य हलचल देखी। गाड़ी रोककर जब वे वहां पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक 12 वर्षीय बालिका आरोपी के चंगुल से छूटने का प्रयास कर रही थी और मदद के लिए चिल्ला रही थी। बिना समय गंवाए, कांस्टेबल अशोक कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्होंने आरोपी को भी मौके से धर दबोचा। भागने लगा आरोपी पकड़ लिया स्थिति को बिगड़ता देख और पुलिस जवान को अपने सामने खड़ा पाकर आरोपी वहां से भागने लगा। कांस्टेबल अशोक कुमार ने अत्यधिक बहादुरी से आरोपी को घेरा देकर गिरा दिया और संभलने से पहले ही उस आरोपी को झपटकर उसे पूरी तरह काबू कर लिया। आरोपी को दबोचते ही कांस्टेबल अशोक कुमार ने तुरंत ही डिप्टी गरिमा जिंदल को मोबाइल पर इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की सूचना दी। मदद से मासूम बालिका को उसके माता पिता से मिलवाया जाकर सुरक्षित थाना खानपुर लेकर आए जहां पर परिजनों की मौजूदगी में बालिका से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त कर पुलिस थाना खानपुर में प्रकरण दर्ज किया गया। कांस्टेबल का बहादुरी पर किया सम्मान कांस्टेबल अशोक कुमार की इस त्वरित, साहसिक और असाधारण कार्रवाई के कारण एक मासूम बालिका की जिंदगी बच गई और एक अपराधी समय रहते गिरफ्तार हो सका। एसपी ने कांस्टेबल अशोक कुमार के इस अदम्य साहस की प्रशंसा की। उनकी इस बहादुरी को सम्मानित करने के लिए उन्हें 25 हजार रुपए के नकद पारितोषिक से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।