झालावाड़ की डग पुलिस ने मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में शामिल 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पकड़ा है। उसे मध्यप्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में संगठित अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दूसरे राज्यों के अपराधियों को भी पकड़ने के निर्देश हैं। पंचायत चुनाव के मद्देनजर जयपुर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर विशेष टीमें बनीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और गंगधार वृत्ताधिकारी आशीष भार्गव की देखरेख में डग थानाधिकारी सुनील वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। पुलिस टीम ने जानकारी जुटाई और तकनीकी मदद से शेख अमजद पुत्र अब्दुल रज्जाक (निवासी खंडार मोहल्ला, डग, झालावाड़) को पकड़ा। अमजद पर उज्जैन के चिमनगंज थाने में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 10 हजार रुपए का इनाम था। उसे संबंधित थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। कार्रवाई में डग थानाधिकारी सुनील वर्मा, हेड कॉन्स्टेबल मनीष कुमार और कॉन्स्टेबल सेवाराम, हरदयाल, सांवरिया और हनुमान सिंह शामिल रहे।