झालावाड़ में 'खेलो राजस्थान' 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। इसका लक्ष्य खेल प्रतिभाओं को मंच देना और खेल संस्कृति बढ़ाना है। ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं होंगी। पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू हो चुके हैं और 16 नवंबर 2026 तक राजस्थान गेम्स पोर्टल पर करा सकते हैं। जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा ने बताया कि जिला खेल संघों के खिलाड़ी, कॉलेज-स्कूल के छात्र, माय भारत केंद्र के वॉलंटियर्स और इच्छुक खिलाड़ी जनआधार कार्ड से पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीकृत खिलाड़ी ही भाग लेंगे। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी है। ग्रामीण विकास, शिक्षा, पंचायतीराज, स्वायत्त शासन, जिला प्रशासन और खेल विभाग मिलकर इसे आयोजित करेंगे। कुल 12 खेलों की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में होंगी दूसरे और तीसरे चरण की तारीखें संभावित हैं। पंचायत से राज्य स्तर तक मिलेगा मौका ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतियोगिताएं ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर होंगी। वहीं, शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम स्तर से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर 26 दिन, ब्लॉक स्तर पर 10 दिन तथा जिला और राज्य स्तर पर पांच-पांच दिन निर्धारित किए गए हैं। स्थानीय समितियां संभालेंगी व्यवस्थाएं प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए ग्राम पंचायत, ब्लॉक और नगर निकाय स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां खिलाड़ियों के पंजीयन, खेल मैदानों के चयन, रेफरी की व्यवस्था, खेल उपकरणों की खरीद और विजेता टीमों को अगले स्तर पर भेजने की जिम्मेदारी निभाएंगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार का कार्य भी किया जाएगा। खेलो राजस्थान के आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।