झालावाड़ में सहकार सप्ताह के तहत कृषक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे इस सप्ताह के अंतर्गत सहकार भवन में यह कार्यक्रम हुआ। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि रहे। समारोह में सहकारिता विभाग से जुड़े किसानों, ग्राम सेवा सहकारी समितियों (जीएसएस) के अध्यक्षों और व्यवस्थापकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता है विकास की आधारशिला इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि झालावाड़ एक कृषि प्रधान जिला है, जिसकी अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार किसान हैं। किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता ही जिले के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, कृषि एवं सहकारिता विभाग के साथ मिलकर किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को कृषि और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिले, समय पर उर्वरक उपलब्ध हों, उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और समर्थन मूल्य पर प्रभावी खरीद हो। सहकारिता से जुड़े व्यवस्थापकों का भी हुआ सम्मान कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग से जुड़े व्यवस्थापकों, किसानों एवं कार्मिकों को उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर माला पहनाकर एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिनमे मुख्य रूप से मोतीलाल नगर अध्यक्ष मरायता पैक्स, हेमंत सिंह अध्यक्ष सोजपुर एवं खानपुर केवीएसएस, प्रमोद पाटीदार व्यवस्थापक बकानी, उत्तम जैन व्यवस्थापक पैक्स तथा बालमुकुंद पाटीदार प्रगतिशील किसान हिम्मतगढ़ का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में उपस्थित कृषकों ने भी सहकारिता के माध्यम से कृषि एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के संकल्प को दोहराया। जिला स्तरीय विशेष कार्यदल का गठन इधर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रस्तावित राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 के गठन एवं परामर्श प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में एक विशेष कार्यदल (टास्क फोर्स) का गठन किया है। कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की और से जारी आदेश के अनुसार उक्त कार्यदल नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न प्रतिनिधियों से समान नागरिक संहिता-2026 के संबंध में प्राप्त होने वाले सुझावों एवं अभ्यावेदनों का विधिवत संकलन, पंजीकरण एवं समीक्षा करेगा तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। विभागों के अधिकारी टास्क फोस में शामिल जिला स्तरीय विशेष कार्यदल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद झालावाड़ को दल प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, आयुक्त नगर परिषद, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, अभियोजन विभाग, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), महिला अधिकारिता विभाग तथा उपखण्ड मजिस्ट्रेट झालावाड़ को सदस्य एवं सदस्य सचिव के रूप में शामिल किया गया है।