झालावाड़ जिले में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं। पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुरुवार, 22 अक्टूबर को वोटिंग होगी। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए शनिवार, 24 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान दलों को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आखिरी प्रशिक्षण दिया गया। 'हर प्रक्रिया में खास सावधानी बरतें' जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने मतदानकर्मियों से कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा। राठौड़ ने बताया कि लंबे समय बाद मतपत्र और मतपेटी से मतदान कराया जा रहा है, इसलिए हर प्रक्रिया में खास सावधानी बरतें। उन्होंने मॉक पोल सहित सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मतदान खत्म होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित सील कर स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करने में भी सतर्कता बरतने को कहा।