झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में अंतिम ट्रेनिंग के बाद मतदान दलों को उनके केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि पंच-सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने दलों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदानकर्मी चुनाव आयोग के नियमों का पालन करें और तय समय पर मतदान शुरू कराएं। ईवीएम के संचालन, सीलिंग और चुनाव सामग्री की सुरक्षा का खास ध्यान रखा जाए। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता से वोट डालने की सुविधा मिलेगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम एसपी अमित कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर भीड़ या परेशानी होने पर दल तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके। 4 पंचायत समितियों में 4,82,802 मतदाता दूसरे चरण में बकानी, झालरापाटन, खानपुर और पिड़ावा पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 4 लाख 82 हजार 802 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।