गवर्नमेंट पीजी कॉलेज झालावाड़ के विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को प्रिंसिपल को परीक्षा नियंत्रक के नाम एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने विषय संशोधन प्रक्रिया को सरल बनाने और परीक्षा केंद्र को पुनः पीजी कॉलेज में ही निर्धारित करने की मांग की। छात्रसंघ उपाध्यक्ष रवि मेघवाल ने बताया कि बीए सेमेस्टर-4 के विद्यार्थियों को फिजिकल एजुकेशन एंड योग के स्थान पर पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषय लेना है। इस विषय संशोधन के लिए छात्रों को कोटा विश्वविद्यालय जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें समय और धन दोनों की हानि हो रही है। छात्रों ने मांग की है कि विषय संशोधन की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए या कॉलेज स्तर पर ही आवश्यक सुधार किए जाएं। विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि बीए सेमेस्टर-4 का परीक्षा केंद्र बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के गवर्नमेंट पीजी कॉलेज झालावाड़ से बदलकर दर्शन बीएड कॉलेज कर दिया गया है। इस बदलाव के कारण छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए आने-जाने में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा केंद्र को वापस गवर्नमेंट पीजी कॉलेज झालावाड़ में ही स्थापित किया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान गरीमा मेहता, अजय कुमार, मोहित रेगर, अजय सुमन, कमल, रोहित, अनुराग, विकास सहित कई अन्य विद्यार्थी उपस्थित थे।