झालावाड़ के मंगलपुरा स्थित सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में गुरुवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। विज्ञान क्लब ने यह मेला लगाया, जिसमें कक्षा 9 से 12वीं तक की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। छात्राओं ने विज्ञान के कई मॉडल और चार्ट बनाकर पेश किए। इस दौरान निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी हुईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समग्र शिक्षा अभियान के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कल्याणमल वर्मा थे। समग्र शिक्षा के सहायक निदेशक शिवलाल धाकड़ और सहायक परियोजना समन्वयक सौरभ परिहार खास मेहमान के तौर पर मौजूद रहे। स्कूल की प्रिंसिपल वीणा रानी चौहान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मेहमानों ने रिबन काटकर और मां सरस्वती के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम शुरू किया। विज्ञान क्लब प्रभारी सोनल अग्रवाल ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मकसद बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल स्किल बढ़ाना है। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास और संवाद कौशल भी बेहतर होता है। निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने जोश के साथ हिस्सा लिया। आखिर में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाली छात्राओं को सर्टिफिकेट और इनाम देकर सम्मानित किया गया। व्याख्याता सुनील गुप्ता और कोमल चंद पारेता ने कार्यक्रम में खास मदद की।