झालावाड़ में शनिवार को मौसम ने दिनभर में कई रंग दिखाए। दोपहर करीब 1:45 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर को कुछ देर के लिए भीषण गर्मी से राहत मिली। यह बारिश लगभग आधे घंटे तक जारी रही। बारिश इतनी तेज थी कि शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को चिपचिपी उमस और गर्मी से कुछ पल की राहत मिली। बाजारों में भी लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते दिखे। हालांकि, यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। बारिश थमने के कुछ ही समय बाद बादल छंट गए और तेज धूप निकल आई। इसके साथ ही उमस और गर्मी का असर फिर से बढ़ गया, जिससे आमजन को दोबारा परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि पिछले तीन-चार दिनों से जिले में लगातार तेज गर्मी का प्रकोप जारी है। तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि रात के समय भी उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इसी तरह मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अचानक हुई इस बारिश ने भले ही कुछ देर के लिए राहत दी हो, लेकिन तेज धूप और उमस की वापसी ने एक बार फिर लोगों को गर्मी से जूझने पर मजबूर कर दिया है। सफाई व्यवस्था की पोल खुली पूर्व पार्षद साजिद खान ने कहा कि मात्र 30 मिनट की बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी, पुरानी जेल रोड पर बारिश का पानी सड़क पर बह निकला। इससे पूरे रोड पर जल भराव हो गया, साथ ही नालों की सफाई न होने की वजह से पानी निकलने का रास्ता भी नहीं बचा। नगर परिषद केवल कागजों में सफाई अभियान चलती है, जबकि सच्चाई कुछ और ही है।