झालावाड़ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध टोपीदार बंदूक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में आदतन अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोपनीय सूचना के आधार पर थानाधिकारी रमेशचंद मीना के नेतृत्व में एक टीम ने रूपाखेड़ी के कच्चे रास्ते, दीवलखेड़ा के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध एक-नाली टोपीदार बंदूक मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही, आरोपी के कब्जे से एक बाइक भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झालरापाटन निवासी पवन (30) पुत्र रोडूलाल राव के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पवन एक आदतन अपराधी है। पुलिस ने आरोपी पवन को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।