झालावाड़ जिला तीन माह बाद एक बार फिर राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि परिवादियों की संतुष्टि और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आधार पर हासिल हुई है। रविवार को मिनी सचिवालय सभागार में एडीएम अनुराग भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई। एडीएम अनुराग भार्गव ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। उन्होंने भविष्य में भी इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को लगातार बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, विभिन्न आयोगों एवं विशिष्ट व्यक्तियों से प्राप्त प्रकरणों, राजकाज ई-फाइल और सम्पर्क पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त, राज्य एवं केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत लाइनों की मरम्मत, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद, हरित राजस्थान मिशन तथा आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मानसून एवं मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए एडीएम ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजकीय स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर असुरक्षित एवं जर्जर भवनों की सूची तैयार करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने के आदेश दिए। साथ ही, मौसमी बीमारियों, हीटवेव और संभावित बारिश को देखते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के भी निर्देश दिए गए।