झालावाड़ में जाम की समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर सोमवार को खंडिया चौराहे से झिरनिया तक सर्विस लाइन का निरीक्षण किया गया। अगले दो दिनों तक वाहन सवारों और व्यापारियों को जागरूक कर निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की समझाइश दी जाएगी, जबकि इसके बाद सड़क या सर्विस लाइन पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खंडिया चौराहे से झिरनिया तक निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक थाना प्रभारी हरीश शर्मा ने सोमवार को अपनी टीम के साथ खंडिया चौराहे से झिरनिया तक सर्विस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे और सर्विस लाइन पर नियमों के विरुद्ध खड़े वाहनों की जांच की गई। व्यापारियों और वाहन सवारों को समझाइश निरीक्षण के दौरान वाहन सवारों, व्यापारियों और दुकानदारों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित होता है, जिससे आम लोगों को जाम और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। दो दिन जागरूकता, फिर होगी कार्रवाई ट्रैफिक थाना प्रभारी हरीश शर्मा ने बताया कि फिलहाल अगले दो दिनों तक जागरूकता और समझाइश अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोग स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करें। इसके बाद भी यदि सड़क या सर्विस लाइन पर अवैध पार्किंग मिली, तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर अन्य कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। सहयोग की अपील ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों, व्यापारियों और वाहन सवारों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी, जाम की समस्या कम होगी और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।