अलवर में महिला के गला काटने में घरेलू विवाद सामने आया है। महिला के पीहर पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या की कोशिश और मारपीट का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। मामला सदर थाना क्षेत्र के झारखेड़ा गांव का है। घटना मंगलवार देर शाम की है। ससुराल पक्ष प्रताड़ित करने का आरोप जानकारी अनुसार आरिफ की पत्नी धोली ने कथित रूप से पति की डांट से आहत होकर कमरे में जाकर ब्लेड से अपना गला काट लिया था। गंभीर हालत में उसे जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उसके गले में चार टांके आए हैं। वहीं अब पीड़िता के भाई इस्लाम खान ने सदर थाने में दी रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन धोली और दूसरी बहन खुर्शीदन के साथ शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से मारपीट की जाती थी। सर्दियों में उन्हें घर से बाहर निकाल दिया जाता था। कई बार समझौता कर वापस भेज दिया गया। रिपोर्ट में आरोप है कि 21 अप्रैल को पति आरिफ, मुबारिक, तैयब और सहजी ने दोनों बहनों को घर में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा। धोली को जमीन पर पटककर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।