झुंझुनूं से भारु गांव की ओर जा रहे एक परिवार की चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार में आग लग गई। समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए। इसके बाद कार भभक उठी और लपटें निकलने लगी। जानकारी के अनुसार, विशाल मेघवाल पुत्र बजरंग मेघवाल (उम्र 23 वर्ष), अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर झुंझुनू से अपने पैतृक गांव भारु जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ​जैसे ही कार के अंदर धुआं उठा और आग की लपटें दिखाई दीं, ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया। बिना देरी किए परिवार के सभी सदस्यों को वाहन से बाहर निकाल लिया गया। 5 मिनट में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। ​आसपास के लोगों ने की मदद ​कार में लगी आग को देखकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। परिवार के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।