घर से गायब हुई नाबालिग लड़की को झुंझुनूं की पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही लड़की को किडनैप कर ले जाने वाले आरोपी युवक को भी पकड़ लिया। परिजनों की रिपोर्ट पर साइबर पुलिस और थाना पुलिस ने कार्रवाई की, जिसके बाद दबिश देकर आरोपी महेंद्र सैनी(35) को गिरफ्तार कर लिया। एक साथ कई ठिकानों पर दी दबिश एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि रिपोर्ट में परिजनों ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए गायब हो गई है। गंभीरता को देखते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर लड़की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने कस्बा बगड़, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, चिड़ावा, पिलानी, सुरजगढ़, लुहारू सहित हरियाणा के संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इसके बाद साइबर सेल ने भी लोकेशन के आधार पर मोबाइल को सर्विलांस पर लिया। 29 अप्रैल को साइबर सेल की सूचना के आधार पर पुलिस ने सिंघाना क्षेत्र में दबिश दी। वहां से नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया। साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र थाकन और डीएसटी के कॉन्स्टेबल अमित मोटसरा की तकनीकी जानकारी सटीक रही। अपह्रत लड़की की बरामदगी के साथ ही अनुसंधान में अपराध प्रमाणित होने पर आरोपी महेंद्र सैनी (35) को गिरफ्तार कर लिया गया।