झुंझुनूं शहर को गंदा करने पर अब लोगों को जुर्माना भरना पड़ेगा। नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था को सख्ती से लागू करते हुए कचरा फैलाने, गंदा पानी बहाने, खुले में गंदगी करने और अन्य स्वच्छता नियम तोड़ने पर कार्रवाई के लिए नए नियम लागू किए हैं। इसके तहत अलग-अलग उल्लंघनों पर 75 रुपए से 3000 रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना नहीं भरने पर होगी कानूनी कार्रवाई नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि नगर परिषद की टीम नियमित रूप से शहर का निरीक्षण करेगी। दुकान, घर, गार्डन और सड़क पर कहीं भी कचरा दिखाई देने पर टीम मौके पर ही चालान काटेगी। वहीं सफाई कर्मचारियों को बुलाकर कचरा उठवाया जाएगा। चालान प्रतिदिन के हिसाब से काटा जाएगा। जुर्माना नहीं भरने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नोटिस देने के बाद राशि जमा नहीं कराने पर थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।