झुंझुनूं शहर और आसपास के इलाकों में सोमवार को मानसून जमकर बरसा। सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और दोपहर बाद करीब 40 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। मूसलाधार बारिश से पूरा शहर तर-बतर हो गया। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को कई दिनों से पड़ रही गर्मी व उमस से राहत मिली। बारिश शुरू होते ही शहर की सड़कों पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। मुख्य मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों और वाहन चालकों को कुछ देर परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख चौराहों और निचली बस्तियों में पानी भरने से यातायात की रफ्तार भी धीमी हो गई। हालांकि, तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश से किसानों की बढ़ीं उम्मीदें झुंझुनूं के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से किसानों में खुशी की लहर है। लंबे समय से मानसून का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश खरीफ की फसलों, खासकर ग्वार, बाजरा और मूंग के लिए बेहद लाभदायक रहेगी। खेतों में पर्याप्त नमी आने से किसानों ने अब बुआई और फसलों के बेहतर अंकुरण की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। बदलते मौसम ने बढ़ाई रौनक सुबह से आसमान में बादलों का डेरा था। कभी धूप तो कभी छांव का माहौल बना रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल जमकर बरसे। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम खुशनुमा होने पर लोग घरों से बाहर निकले और बारिश का आनंद लेते नजर आए।