झुंझुनूं की गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस और डीएसटी (DST) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 आपराधिक मामलों में नामजद कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित महला को गिरफ्तार किया है। आरोपी जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का गुढ़ा बाजार में पैदल जुलूस निकालकर अपराधियों को सख्त संदेश दिया। एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी रोहित महला किशोरपुरा की पहाड़ियों स्थित भैरूजी मंदिर के पास अवैध हथियारों की डील करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी इन्द्रप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस और डीएसटी की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध जिंदा कारतूस बरामद हुए। 21 मामलों में दर्ज है नाम गिरफ्तार आरोपी रोहित महला (24) निवासी बड़ की ढाणी, गुढ़ागौड़जी, पुलिस का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग सहित विभिन्न धाराओं में कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में हुए जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में भी वह मुख्य आरोपी के रूप में वांछित था। बाजार में निकाला पैदल जुलूस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को गुढ़ा बाजार में पैदल घुमाया। इस दौरान उसके एक पैर में पट्टा बंधा हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में थानाधिकारी इन्द्रप्रकाश, उपनिरीक्षक सुभाषचंद, डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक हेमराज, हेड कॉन्स्टेबल बुलेश और दिनेश, कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, अमित मोडसरा, गौतम झाझड़िया, संजय सिंह, संतोष कुमार, जितेंद्र कुमार और मुकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।