पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को झुंझुनूं जिले की छह पंचायत समितियों में सरपंच और वार्ड पंचों के लिए मतदान शाम 6 बजे खत्म हुआ। सूरजगढ़ पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 81.44 प्रतिशत और सिंघाना में सबसे कम 76.48 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह हल्की सर्दी के बीच मतदान केंद्रों पर कतारें लगीं और दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार बढ़ी। झांझोत में दो फर्जी मतदाता पकड़े, नारी में हंगामा चिड़ावा पंचायत समिति की झांझोत ग्राम पंचायत के शहीद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर दो युवकों को फर्जी मतदान करते पकड़ा गया। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इससे पहले फर्जी मतदान को लेकर केंद्र के बाहर कहासुनी भी हुई। चिड़ावा की नारी ग्राम पंचायत में बूथ के पास कुछ लोगों ने हंगामा किया। सूचना पर डीएसपी सुगन सिंह पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को वहां से हटाया। सिंघाना पंचायत समिति के भैसावता खुर्द मतदान केंद्र पर भी विवाद हुआ। वोट डालने के बाद एक व्यक्ति केंद्र के अंदर रुका हुआ था और कतार में खड़े मतदाता से बातचीत करने लगा। इस पर दोनों के बीच बहस हो गई। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को केंद्र से बाहर कर दिया। चुनाव ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी सूरजगढ़ उपखंड कार्यालय में चुनाव ड्यूटी के दौरान 43 वर्षीय कर्मचारी मुकेश पुत्र मामचंद निवासी गुढ़ागौड़जी की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 100 साल के कुरड़ाराम ने व्हीलचेयर पर पहुंचकर डाला वोट नयासर में 100 वर्षीय कुरड़ाराम परिजनों के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। वहीं, चिड़ावा पंचायत समिति की नारी ग्राम पंचायत में 94 वर्षीय माली देवी भी मतदान करने पहुंचीं। भैसावता खुर्द मतदान केंद्र के बाहर स्कूली बच्चे मतदाताओं के मोबाइल फोन जमा करते नजर आए। मतदाता वोट डालने से पहले अपने मोबाइल बच्चों के पास जमा करवा रहे थे। मतदान का अब तक का प्रतिशत… देखें चुनाव से जुड़ी तस्वीरें…