परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए 18 जुलाई को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक, कलेक्ट्रेट सर्किल पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। लायंस क्लब झुंझुनूं के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी और बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। इस दौरान शहीद स्मारक पर परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर आधारित शौर्यगाथाओं का स्मरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना और झुंझुनूं की गौरवशाली सैनिक परंपरा से परिचित कराना है। वीरों की धरती के रूप में पहचान रखने वाले झुंझुनूं के युवाओं को शहीद पीरू सिंह के जीवन से प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा। समारोह में राष्ट्र और समाज के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले जाबांजों एवं उनके परिजनों का भी सम्मान किया जाएगा। पूर्व सांसद एवं वीर चक्र से सम्मानित स्वर्गीय कैप्टन अयूब खान के परिवार को उनकी सेवाओं के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं, वर्तमान में देश की सेवा कर रहे कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन महेंद्र सिंह का नागरिक अभिनंदन भी किया जाएगा। इसके अलावा, झुंझुनूं जिले की उन वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने जीवनसाथी को खोने के बाद भी साहस, धैर्य और त्याग की मिसाल कायम की है। आयोजन समिति के रिटायर्ड आईएएस राजेंद्र सिंह शेखावत, उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण गुप्ता, सेकेट्ररी रघुनाथ पोद्दार, कार्यक्रम संयोजक डॉ. उम्मेद सिंह शेखावत, डॉ. नरेंद्र सिंह नरुका और यशवर्धन सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।