जोधपुर के महामंदिर थाने में एक व्यक्ति ने करोड़ों की ठगी के मामले को लेकर रिपोर्ट दी है। पीड़ित रमेश पुरी ने समृद्ध जीवन मल्टी स्टेट मल्टी प्रपोज कोऑपरेटिव सोसाइटी और फूड्स इंडिया लिमिटेड के डायरेक्टर्स व अधिकारियों पर 5-6 करोड़ की ठगी का आरोप लगाते हुए अपर मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर-3 में परिवाद दायर किया है। परिवादी ने बताया कि विनोद डांगी ने आकर्षक निवेश योजनाओं का लालच देकर कई लोगों से पैसे इकट्ठा किए, लेकिन समय पूरा होने पर न तो मूल रकम लौटाई और न ही मुनाफा। उन्होंने बताया कि विनोद डांगी ने पावटा सन सिटी अस्पताल के पास जोधपुर ऑफिस से संपर्क कर पुरी व अन्य (कुशालाराम सोलंकी, हनुमानाराम, सुनंदा बोराणा आदि) को पुणे मुख्यालय ले जाकर मीटिंग कराई। जहां कंपनी के डायरेक्टर महेश किशन मोतेवार, वैशाली मोतेवार, राजेश पंडुरंग भंडारे व अन्य ने बकरी-भैंस पालन, कृषि, होटल जैसे कारोबार का लाभ दिखाया। उनकी बातों पर विश्वास में आकर निवेशकों ने एजेंट बनकर स्थानीय स्तर पर 5-6 करोड़ जमा करा दिए। आरोपियों ने झांसे में लेने के लिए अजमेर के कैकड़ी में 700-800 बीघा जमीन भी दिखाई। बताया कि यहां पर कृषि संबंधी कार्य किया जाता है, लेकिन नियत समय पूरा होने पर निवेश के रुपए नहीं लौटाए।