जोधपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक सूने मकान के ताले तोड़कर 1.80 लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार के बच्चे मकान का ताला लगाकर पड़ोस में अपने मामा के घर गए थे, उसी दौरान एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। मंडोर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना मंडोर थाना क्षेत्र स्थित आंगणवा इलाके में रविवार दोपहर को हुई। बच्चे गए थे मामा के घर आंगणवा में पाबूजी के मंदिर के पास रहने वाले सांवरलाल (32) पुत्र मिश्रीलाल जटिया ने मंडोर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी सांवरलाल के अनुसार, 25 अप्रैल की सुबह वह और उनकी पत्नी किसी काम से गांव गए हुए थे। पीछे से घर पर उनके पुत्र और पुत्री मौजूद थे। रविवार को दोपहर करीब 2 बजे बच्चों ने घर के ताले लगाए और पास ही स्थित (एक प्लॉट छोड़कर) अपने मामा के घर चले गए। एक्टिवा पर आए तीन बदमाश रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के जाने के कुछ ही देर बाद, दोपहर करीब 2:45 बजे एक एक्टिवा पर तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात समेट लिए। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, चोर घर से 1 लाख 80 हजार रुपए की नकदी, 1.5 किलो चांदी, सोने की 7 मादलिया और 1 तोला सोने का टीका चुरा ले गए। घटना का पता चलने पर सांवरलाल ने मंडोर पुलिस को लिखित शिकायत दी। इस मामले की जांच एएसआई शेषाराम को सौंपी गई है। इसके लिए पुलिस अब क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालकर एक्टिवा सवार तीनों अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।