जोधपुर एयरपोर्ट पर करीब एक महीने बाद फिर से रौनक लौटने जा रही है। रनवे मरम्मत कार्य के चलते बंद हुआ एयरपोर्ट अब 28 अप्रैल से दोबारा उड़ानों के लिए खुल जाएगा। कल सुबह 8:45 बजे बेंगलुरु से इंडिगो की पहली फ्लाइट जोधपुर पहुंचेगी। एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल ने बताया कि सोमवार से विभिन्न शहरों से जोधपुर की एयर कनेक्टिविटी फिर शुरू हो जाएगी। यात्रियों को अब नियमित उड़ान सेवाएं मिल सकेंगी। 29 मार्च से बंद हुआ था संचालन भारतीय वायुसेना द्वारा रनवे की री-कारपेटिंग के लिए नोटम (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया गया था। इसके तहत 29 मार्च शाम 6:30 बजे से 27 अप्रैल शाम 6:30 बजे तक जोधपुर एयरपोर्ट पर सभी सिविल (व्यावसायिक) उड़ानें बंद रहीं। 7 शहरों के लिए रोज 14 फ्लाइट्स जोधपुर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, जयपुर और अहमदाबाद के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती हैं। यहां से प्रतिदिन करीब 14 उड़ानें (28 आवागमन) होती हैं। नोटम लागू होने के बाद इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 मार्च के बाद की बुकिंग रोक दी थी। 7 साल बाद हो रही रनवे की मरम्मत वायुसेना के अनुसार, जोधपुर एयरपोर्ट के रनवे की आखिरी बार मरम्मत करीब 7 साल पहले हुई थी। रनवे रिसर्फेसिंग कार्य तीन चरणों में पूरा किया जा रहा है। तीसरे और अंतिम चरण का काम मई तक पूरा होने की संभावना है। तीन चरणों में निर्माण कार्य पहला चरण- रनवे का लगभग एक-तिहाई हिस्सा बंद किया जाएगा, जिससे एयरबस A320 जैसे विमानों का संचालन संभव रहेगा, लेकिन A321 जैसे बड़े विमान छोटे रनवे पर उड़ान नहीं भर सकेंगे। दूसरा चरण- सबसे महत्वपूर्ण और अधिक प्रभाव डालने वाला होगा, जिसमें रनवे के मध्य भाग पर काम होने के कारण रनवे पूरी तरह बंद रहेगा और सभी सिविल उड़ानें रोकनी होंगी। तीसरे चरण- रनवे के अंतिम हिस्से का काम होगा और आंशिक उड़ान संचालन फिर से शुरू हो सकेगा।​ एकमात्र रनवे साझा करते हैं IAF और सिविल विमान जोधपुर एयरपोर्ट एक "ज्वाइंट-यूजर फेसिलिटी" है, जहां IAF का एयरबेस और सिविल एन्क्लेव दोनों एक ही रनवे का उपयोग करते हैं। चूंकि IAF के लड़ाकू विमानों और सैन्य एयरक्राफ्ट की रनवे संबंधी तकनीकी आवश्यकताएं सिविल विमानों से अलग और अधिक होती हैं, इसलिए समय-समय पर रनवे का रखरखाव अनिवार्य है। साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट सीमावर्ती क्षेत्र के करीब होने के कारण सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।​