राजस्थान हाईकोर्ट में जोधपुर एयरपोर्ट से ज्यादा उड़ानों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), भारतीय वायुसेना और सीआईएसएफ ने कोर्ट को भरोसा दिलाया है कि नए टर्मिनल के पूर्ण संचालन में कोई बाधा नहीं आएगी। इस आश्वासन के बाद जोधपुर से उड़ानों के विस्तार की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं। नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन हो चुका यह सुनवाई लिब्रा इंडिया की ओर से दायर जनहित याचिका पर हुई। जस्टिस विनीत कुमार माथुर और जस्टिस चंद्रशेखर शर्मा की खंडपीठ के समक्ष एएआई की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आर.डी. रस्तोगी ने बताया कि नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन हो चुका है और यह जल्द ही पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेगा। एएआई सभी एयरलाइंस को पत्र भेजकर सूचित करेगा कि जोधपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों के लिए पर्याप्त स्लॉट उपलब्ध हैं और समय को लेकर कोई आरक्षण नहीं रहेगा। पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे एयरलाइंस कंपनियों ने कोर्ट को बताया कि एएआई का पत्र मिलने के बाद वे उड़ानों के संचालन पर आवश्यक निर्णय लेंगी। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भरत व्यास ने भारतीय वायु सेना की ओर से आश्वस्त किया कि वायुसेना सुबह और देर रात एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) वॉच ऑवर्स उपलब्ध कराने में कोई आपत्ति नहीं करेगी। वहीं, सीआईएसएफ ने भी मांग मिलते ही पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का भरोसा दिया। हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 19 अगस्त 2026 की तारीख तय की है।