जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल से आज नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। पहले दिन बेंगलुरु से आई फ्लाइट से नए टर्मिनल की शुरुआत की गई। वहीं पहली उड़ान भी बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यात्रियों का स्वागत किया। बतादें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया था। कुछ तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताओं के चलते संचालन में आठ दिन की देरी हुई। अब टर्मिनल यात्रियों के लिए पूरी तरह खुल गया है। रविवार सुबह 8:45 बजे बेंगलुरु से आई पहली फ्लाइट के साथ नए टर्मिनल ने अपनी नियमित शुरुआत कर दी। इसके बाद सुबह 9:20 बजे पहली उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। देखें फोटोज.. मंत्री शेखावत ने कहा कि आज जोधपुर के लिए ऐतिहासिक दिन है,12 जुलाई से नियमित विमान सेवाओं का संचालन शुरू हो गया है। शेखावत ने बताया कि 2014 की तुलना में जोधपुर एयरपोर्ट से यात्रियों और उड़ानों की संख्या करीब दस गुना बढ़ चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में जोधपुर से लंबी दूरी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का भी रास्ता खुलेगा। भविष्य में बहुत कम बदलाव के साथ इस टर्मिनल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के टर्मिनल में विकसित किया जा सकेगा। शेखावत ने गहलोत पर साधा निशाना इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर भी जवाब दिया। शेखावत ने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री यह पूछ रहे थे कि 12 वर्षों में सांसद ने क्या काम किया। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत को उनके लोगों के ही काम नही दिखते। वो उन्हें ही नाकारा निक्कमा बोलते हैं तो उन्हें हमारे द्वारा किया गया कार्य कैसे दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि अब जब अशोक गहलोत हवाई जहाज से जोधपुर आएंगे तो उन्हें नया एयरपोर्ट दिखाई देगा और उन्हें स्वयं विकास कार्य नजर आएंगे। अब नया एयरपोर्ट, नई सड़कें, रेलवे स्टेशन और अन्य विकास कार्य देखकर खुद जवाब पा जाएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अशोक गहलोत जोधपुर की शान हैं और वे उनके प्रति किसी भी तरह की असम्मानजनक टिप्पणी नहीं करना चाहते। पुराने टर्मिनल से 6 गुना बड़ा है नया टर्मिनल करीब 480 करोड़ रुपए की लागत से बना यह नया टर्मिनल 37 एकड़ क्षेत्र में फैला है और पुराने टर्मिनल से छह गुना बड़ा है। 24 हजार वर्गमीटर में बने इस भवन में 8 गेट, 6 एरोब्रिज, 20 चेक-इन काउंटर, 3 कन्वेयर बेल्ट, 5 लिफ्ट, एस्केलेटर और चार्जिंग पॉइंट के साथ 240 सीटें जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज उनियाल ने बताया कि एयर इंडिया और इंडिगो के अलावा अन्य एयरलाइंस को भी जोधपुर से नई उड़ानें शुरू करने के लिए पत्र भेजे गए हैं, जिससे आने वाले समय में एयर कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। वहीं, पहले दिन नए टर्मिनल से यात्रा करने वाले यात्री भी इसकी भव्यता और आधुनिक सुविधाओं से बेहद प्रभावित नजर आए।