जोधपुर में अनजान व्यक्ति की ओर से ठगी के दो मामले बुधवार को सामने आए। पहला मामला बासनी थाना क्षेत्र का है जहां एक महिला की AI से फोटो बनाकर ब्लैकमेल कर रुपए ले लिए गए। जबकि दूसरा मामला जोधपुर के साइबर थाने में एक व्यक्ति के साथ 15 लाख रुपए की साइबर ठगी का सामने आया। इसको लेकर भी मामला दर्ज किया गया है। महिला को किया ब्लैकमेल जोधपुर के बासनी थाने में एक महिला को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी पत्नी की फोटो को एआई (AI) तकनीक से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और डरा-धमकाकर 5 लाख 75 हजार रुपये ऐंठ लिए। मामले की जांच कर रहे सरदारपुरा थानाधिकारी किशनलाल विश्नोई ने बताया- पीड़िता के पति ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता का संपर्क एक अज्ञात व्यक्ति से हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को एआई (AI) से एडिट कर अश्लील बनाया और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग शुरू कर दी। लोक-लाज के डर से पीड़िता घबरा गई और उसने आरोपी के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पीड़िता के पति को इस पूरे मामले की भनक लगी, तो वह तुरंत थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की इंस्टाग्राम आईडी के जरिए उसकी डिटेल्स (जानकारी) खंगालना शुरू कर दिया है। 15 लाख रुपए की ठगी जोधपुर के उम्मेद हैरिटेज के रहने वाले एक व्यापारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके खाते से 15 लाख रुपए से अधिक की राशि निकाल ली गई। ठगो ने बैंक का अधिकारी बनकर कॉल किया था। पीड़ित की ओर से इसको लेकर साइबर थाने में रिपोर्ट दी गयी है। इसमें बताया कि उनके पास 26 जुलाई को दिन में तीन बजे के करीब बैंक का अधिकारी बनकर एक फोन आया था। उसने पेंशन संबंधी स्कीम की जानकारी देने के लिए कुछ डिटेल्स पूछी थी। उसने उनका नाम ओर जन्मतिथि भी मांगी थी। जिसे देने के बाद उनके खाते से रुपए निकाल लिए गए। इसका पता चलने के बाद पीड़ित पहले रातानाडा थाना गए। बाद में उन्होंने साइबर थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 3 लाख रुपए की राशि को होल्ड करवाया है। वहीं ठगी करने वालों की पहचान के प्रयासों में पुलिस जुटी हुई है।