जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक स्टील फैक्ट्री में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बासनी फायर ऑफिस के अधिकारी प्रशांत सिंह चौहान ने बताया कि सुबह करीब सवा आठ बजे फैक्ट्री की ऑयल भट्टी में आग लगने की सूचना मिली थी। यह भट्टी डीजल से संचालित होती है, जिससे आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी। पहले देखिए, घटना से जुड़े PHOTO'S आधे घंटे में पाया आग पर काबू सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। फायर कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों के अनुसार, आग से फैक्ट्री में कुछ नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन समय रहते नियंत्रण पा लेने से स्थिति गंभीर नहीं हुई। घटना के बाद फैक्ट्री क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि हालात अब पूरी तरह सामान्य हैं।