जोधपुर की बासनी थाना पुलिस ने एक महिला को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। ये पूरी कार्रवाई सांगरिया फांटा क्षेत्र में की गई। पुलिस ने महिला के कब्जे से करीब 500 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। वहीं महिला कहां से मादक पदार्थ खरीदकर लाई थी, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने सांगरिया फांटा स्थित लक्ष डेयरी एंड मावा भंडार पर दबिश देकर पालू पत्नी प्रमोद विश्नोई को अवैध डोडा-पोस्त चुरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने महिला के कब्जे से 527 ग्राम डोडा पोस्त ओर 8 हजार रुपए भी जब्त किए है। पुलिस के मुताबिक महिला लोकल पेडलर के तौर पर आसपास के इलाकों में डोडा पोस्ट बिक्री करती थी। इसको लेकर मुखबिर की ओर से सूचना दी गई थी पुलिस भी जब मौके पर पहुंची तो महिला के पास में एक पर्स मिला। तलाशी के दौरान उसके पास से डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस अब महिला से डोडा पोस्त की खरीद फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।