कोटा मंडल से गुजरने वाली गाड़ी संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस अब अत्याधुनिक एलएचबी (लिंके-होफमान-बुश) रेक से संचालित होगी। यह परिवर्तन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 14813 के लिए यह बदलाव जोधपुर से 14 अप्रैल से और गाड़ी संख्या 14814 के लिए भोपाल से 15 अप्रैल से प्रभावी होगा। एलएचबी रेक में रूपांतरण के बाद इस गाड़ी की कोच संरचना में बदलाव आएगा। नई रेक में कुल 19 डिब्बे होंगे, जिनमें 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी इकॉनॉमी, 7 शयनयान श्रेणी और 4 सामान्य श्रेणी डिब्बे शामिल हैं। पहले यह गाड़ी 17 डिब्बों के आईसीएफ रेक से संचालित होती थी। एलएचबी कोच आधुनिक एंटी-क्लाइंबिंग तकनीक से निर्मित होते हैं। यह तकनीक दुर्घटना की स्थिति में डिब्बों को एक-दूसरे पर चढ़ने से रोकती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। इसके अतिरिक्त, इन डिब्बों में उन्नत हाइड्रोलिक सस्पेंशन प्रणाली होने के कारण यात्रा अधिक आरामदायक और झटकारहित होती है।