देश में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के आज नतीजे सामने आए जिसमें पश्चिम बंगाल और असम में बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी जीत की और अग्रसर है। भाजपा की जीत पर आज जोधपुर शहर के जालोरी गेट चौराहे पर शाम के समय भाजपा के कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां जताई। इसके साथ ही आतिशबाजी भी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जालोरी गेट चौराहे पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बंगाल, असम चुनावों में भाजपा की जीत पर खुशी मनाई। भाजपा प्रवक्ता जगदीश धाणदिया ने बताया कि हमारे देश के पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था कि अरब सागर से लेकर गंगा सागर तक एक दिन भाजपा की सरकार बनेगी और आज यह दिन आया है उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में ओर कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते ये जीत संभव हुई। इस मौके भाजपा के सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष जगत नारायण जोशी, जिला महामंत्री पवन आसोपा,भाजपा प्रवक्ता जगदीश धाणदिया, नरेश सुराणा, रणजीत कड़वासरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।