जोधपुर कमिश्नरेट के करवड़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चलती बस का मुख्य गेट खुला रहने के कारण एक युवक अचानक नीचे आ गिरा। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीकानेर से नाथद्वारा के लिए हुए थे रवाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी पुरुषोत्तम माधवानी निवासी वल्लभ गार्डन, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनका 32 वर्षीय बेटा कृष्णा पी. माधवानी बीकानेर से नाथद्वारा जाने के लिए बस नंबर AR 11 C 9200 में सवार हुए थे। वे दोनों 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9 बजे बीकानेर से रवाना हुए थे। बाथरुम के लिए उठा था युवक, तभी खुला रह गया गेट 13 अक्टूबर की रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच जब बस जोधपुर में आईआईटी गेट नंबर 02 के पास पहुँची, तो कृष्णा माधवानी बस में ड्राइवर के पीछे बने शौचालय में बाथरुम के लिए उठे थे। इसी दौरान बस का मुख्य गेट खुला हुआ था, जिसके चलते कृष्णा तेज गति से चलती बस से नीचे सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद बस में मौजूद लोग और परिजन घायल कृष्णा को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बॉडी को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की सूचना मिलने पर करवड़ पुलिस ने एमजीएच मोर्चरी पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रार्थी पिता पुरुषोत्तम माधवानी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।