जोधपुर शहर जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्र स्थित धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की मांग की। साथ ही संबंधित प्रशासनिक कार्रवाई में संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम बुधवार को ज्ञापन सौंपकर यह मांग की। जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज फेम ने बताया- सीमावर्ती क्षेत्रों में कुछ मंदिरों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और संबंधित समुदायों में चिंता है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन से सरकार से मांग की गई है कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी किसी भी कार्रवाई को संविधान, कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए। प्रशासनिक निर्णय संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप हों इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व महापौर कुंती परिहार, पूर्व जिला अध्यक्ष सलीम खान और ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर खान सिंधी ने कहा- कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा- ज्ञापन का उद्देश्य किसी कार्रवाई का विरोध करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रशासनिक निर्णय संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप हों और सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव नवाब खान, प्रदेश संयुक्त सचिव साजिद जोधाणा, पूर्व उपमहापौर गनी फौजदार, भंवरलाल सियोल, कानाराम भाटी, शबनम अब्बासी, अभिजीत गांधी, अकबर मंसूरी, मोहम्मद उमर, पूर्व पार्षद अब्दुल जावेद सहित कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।