जोधपुर में साइबर ठगों का जाल लगातार बढ़ता जा रहा है। ठग किराए पर खाता लेकर और लालच देकर लोगों के साथ ठगी कर रहे हैं। इससे जुड़े दो मामले गुरुवार को अलग अलग थानों में दर्ज किए गए हैं। महामंदिर थाने में लक्षित भंसाली ने मामला दर्ज करवाया। बताया कि आरोपियों ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर उसे झांसे में लिया और फिर उसके साथ साइबर ठगी की। इसको लेकर पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दी गई है। थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, कुड़ी भगतासनी थाने में ललिता नामक महिला ने सुरेश चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बताया कि आरोपी ने उसके पैन और आधार कार्ड का दुरुपयोग कर बैंक खाता खोला और उसका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया। इसका पता चलने पर उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। बता दें कि पुलिस की ओर से लगातार आमजन को अलग अलग कार्यक्रमों के माध्यम से किराए पर खाता नहीं देने को लेकर जागरूक किया जा रहा है, लेकिन कई लोग लालच में आकर अपना खाता दूसरों को किराये पर दे देते हैं। जिसके जरिए उन खातों में साइबर ठगी की रकम डलवाई जाती है।