हनुमानगढ़ में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में सोमवार को एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बीकानेर के संभागीय मुख्य अभियंता केके कस्वां ने बिजली व्यवस्था, राजस्व वसूली और तकनीकी खामियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अभियंताओं को लाइन लॉस कम करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में हनुमानगढ़ वृत्त की राजस्व वसूली में वृद्धि हुई है, लेकिन लाइन लॉस भी लगातार बढ़ रहा है, जो चिंता का विषय है। विशेष रूप से जिले के नोहर सब-डिवीजन की स्थिति पर मुख्य अभियंता ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। मुख्य अभियंता ने जिले में सभी श्रेणियों के लंबित बिजली कनेक्शनों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना सहित अन्य सौर ऊर्जा योजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया। खराब बिजली मीटरों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने के निर्देश भी दिए गए। आगामी मानसून के मद्देनजर, सभी फीडरों और सब-स्टेशनों का समय रहते रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, फसल कटाई के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के लिए किसानों के साथ समन्वय स्थापित करने और आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति को नियंत्रित करने का भी निर्देश दिया गया। इस समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता आरएस चारण, लेखाधिकारी गिरधर गोपाल अरोड़ा सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।