जोधपुर में जिला प्रशासन ने स्टूडेंट्स को करियर के अवसरों की जानकारी देने और रुचि के अनुसार विकल्प चुनने की पहल की है। इसे लेकर विशेषज्ञ समिति (रिसोर्स टीम) का भी गठन किया गया है। समिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है, जो कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और इसके संचालन में सहयोग करेंगे। इसे लेकर जिला कलेक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में प्रस्तावित "करियर परामर्श और मार्गदर्शन सेमीनार" की रूपरेखा, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। जानकारी के अभाव में अवसरों का नहीं मिलता लाभ जिला कलेक्टर रंजन ने कहा- आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक करियर विकल्पों तक सीमित रखने के बजाय उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के अनेक प्रतिभावान विद्यार्थी सूचना और मार्गदर्शन के अभाव में अपनी क्षमताओं के अनुरूप अवसरों का लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे विद्यार्थियों तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सेमीनारों में विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को एक ही स्ट्रीम से जुड़े विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देंगे। इससे वे किसी एक विकल्प तक सीमित न रहकर अपने लिए उपलब्ध अनेक संभावनाओं को समझ सकें और भविष्य के संबंध में अधिक जागरूक होकर आत्मविश्वास से निर्णय ले सकें। क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञ समिति गठित जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा के निर्देशन में कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञ समिति (रिसोर्स टीम) का गठन किया गया है। समिति में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, महिला अधिकारिता, रोजगार, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। ये कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर इसके प्रभावी संचालन में सहयोग करेंगे। यूपीएससी से लेकर कौशल विकास तक मिलेगा मार्गदर्शन मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित सेमीनारों में विद्यार्थियों एवं युवाओं को यूपीएससी, आरपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, एनडीए, सीडीएस, रीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही नीट, जेईई, सीयूईटी, क्लैट एवं अन्य प्रवेश परीक्षाओं, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वरोजगार, उद्यमिता विकास, रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, संभागीय रोजगार कार्यालय जोधपुर के उप निदेशक आनंद कुमार सुथार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मंजू शर्मा, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक फरसा राम बिश्नोई शामिल हुए। इनके अलावा आईआईटी जोधपुर के प्रतिनिधियों, विभिन्न कोचिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।