जोधपुर में पिता को लगातार जान से मारने की धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है, जिसमें बेटे ने आरोप लगाया है कि बहन को भगाने की घटना के बाद बदनामी और दबाव के चलते उसके पिता ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर दो नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक युवक ने शनिवार शाम को दो लोगों के खिलाफ अपने पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया है। राजीव गांधी नगर थाने में परिवाद के जरिए दी गई रिपोर्ट में बताया कि आरोपी उनकी बहन को भगाकर ले गए। इसके बाद भी उनके पिता को धमकाते रहे। जिससे मानसिक रूप से अवसाद में आ गए और उन्होंने सुसाइड जैसा कदम उठा लिया। रिपोर्ट में युवक ने बताया कि उसका परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से राजीव गांधी थाना क्षेत्र में रह रहा है। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बहन को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पहले मोहल्ले में रहता था और उसने परिवादी की बहन को बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसाने का प्रयास किया। जब इस बात का परिवार ने विरोध किया तो आरोपी ने पिता को कई बार धमकाया और बेटी को अपने साथ भेजने का दबाव बनाया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने यहां तक कहा कि अगर बेटी को साथ नहीं भेजा तो मौका देखकर उसे उठा ले जाएंगे। परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट के अनुसार, 16 सितंबर 2025 को जब परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, तब आरोपी घर पहुंचा और उनके पिता को पिस्तौल दिखाकर डराया। इसके बाद बहन को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गया और शाम को घर के बाहर छोड़कर चला गया। इस घटना के बाद पिता गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे। उन्होंने रिश्तेदारों और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी भी दी थी। जेवरात और नकदी लेकर भगाने का आरोप 12 फरवरी 2026 को आरोपी अपने बहनोई और अन्य लोगों के साथ क्रेटा कार में जोधपुर पहुंचा और योजना बनाकर बहन को घर से भगा ले गया। आरोप है कि जाते समय घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी साथ ले गए। धमकियों से टूट गया परिवार पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी और उसके साथी लगातार पिता पर दबाव बनाते रहे। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जाती थी और समाज में बदनाम करने की बात कही जाती थी। इन लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पिता गहरे अवसाद में चले गए और आखिरकार 6 मार्च 2026 को उन्होंने आत्महत्या कर ली। आरोपी पर पुराने मुकदमे भी दर्ज होने का दावा पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पहले भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसे आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए कहा गया कि वह अवैध हथियार रखता है और डर का माहौल बनाकर परिवार को प्रताड़ित करता रहा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।