जोधपुर में तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य मामले में साइबर ठगों द्वारा बैंक खाता खुलवाकर उसमें ठगी की रकम डलवाने का खुलासा हुआ है। शहर में सामने आए इन मामलों सहित अन्य प्रमुख आपराधिक घटनाओं पर एक नजर डालिए। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में गुरुवार को धोखाधड़ी, मादक पदार्थ तस्करी को लेकर मामले दर्ज किए गए। फिलहाल पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है। तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को कुचला मथानिया थाना इलाके के नेवरा गांव में तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने एक युवक की जान ले ली। नेवरा गांव निवासी जगदीश मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी प्रेमाराम मेघवाल निवासी चान्दरख, खेड़ापा ने अपनी बोलेरो गाड़ी को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े उसके भाई को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि भाई की मौके पर ही मौत हो गई। मथानिया पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर जांच एएसआई बंशीलाल को सौंपी है। झांसा देकर खोला बैंक खाता महामंदिर थाने में साइबर ठगी से जुड़ा एक मामला दर्ज हुआ है। मंगेरिया भोपालगढ़ हाल तिलक नगर निवासी रविन्द्र ताड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फलोदी के घंटीयाली निवासी आरोपी प्रकाश डारा पुत्र हिरकन राम ने उसे अपने विश्वास में लिया। आरोपी ने बहला-फुसलाकर रविन्द्र के नाम पर एक बैंक खाता खुलवा दिया। इसके बाद आरोपी उस खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड की राशि ट्रांसफर करने में करने लगा। जब अन्य राज्यों की पुलिस ने रविन्द्र के खिलाफ साइबर शिकायतें दर्ज की, तब जाकर उसे ठगी का पता चला। एएसआई हुक्माराम मामले की जांच कर रहे हैं। अब पढ़िए, जोधपुर की अन्य क्राइम की खबरें मादक पदार्थ तस्करी को लेकर कार्रवाई पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कमिश्नरेट में धरपकड़ अभियान चलाया। बोरानाडा थाना पुलिस ने सरहद नारनाडी में कार्रवाई करते हुए झंवर निवासी केनाराम भील को 103 ग्राम अवैध मेफेड्रोन (एमडी) के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, विवेक विहार पुलिस ने सेक्टर-बी में दबिश देकर ओसियां निवासी विश्नाराम विश्नोई और प्रतापनगर निवासी अशोक विश्नोई को अवैध डोडा पोस्त के साथ दबोचा। उधर, प्रतापनगर पुलिस ने हुडको क्वार्टर के पास दबिश देकर फलोदी निवासी रूघाराम जाट और एक बाल अपचारी को अवैध एमडी के साथ पकड़ा है। पैसे लेकर मुकरा युवक जोधपुर शहर के बनाड़ थाने में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। बसंत विहार खोखरियां निवासी ताराचन्द मेघवाल ने नागौर निवासी पप्पूराम के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। ताराचन्द ने बताया कि आरोपी पप्पूराम को विश्वास में लेकर 2,50,000 रुपए उधार दिए थे। समय पूरा होने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने रुपए देने से साफ मना कर दिया और धोखाधड़ी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीमेंट के ट्रेलर से 100 कट्टे चोरी कुड़ी भगतासनी थाने में श्रवणराम विश्नोई ने डोली निवासी रमेश डारा के खिलाफ शताब्दी सर्किल के पास से सीमेंट से भरे ट्रेलर से 100 कट्टे सीमेंट चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। शराब तस्कर गिरफ्तार बासनी थाना पुलिस ने सांगरिया फांटा और नागाजी किराना स्टोर के पास कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बेचने के आरोप में अनिल भाटी और यूपी निवासी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया है। किराना दुकानदार पर एक्शन बासनी थाना पुलिस ने सांगरिया फांटा स्थित पवन किराना स्टोर पर दबिश देकर स्कूल के 100 मीटर के दायरे में अवैध रूप से धूम्रपान सामग्री बेचने के आरोप में दुकानदार रामदयाल माली को गिरफ्तार किया। विवाहिता के साथ ससुराल वालों ने की मारपीट जोधपुर के बनाड़ थाना इलाके के खोखरिया में एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा गंभीर मारपीट और अमानवीय क्रूरता का मामला सामने आया है। सांसियों की ढाणी खोखरिया निवासी पीड़ित अंजलि पत्नी अनिल सांसी ने अपने पति अनिल और ससुर खींयाराम के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि पति और ससुर ने मिलकर पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे लोहे के गर्म चिमटे से दागकर गंभीर रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर एसआई रघुवीर सिंह को जांच सौंपी है। थाना अधिकारी लेखराज ने बताया कि महिला ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज करवाया है।