जोधपुर जिले की 17 पंचायत समितियों की 431 ग्राम पंचायतों में शाम 6 बजे तक मतदान पूरा हुआ। इस दौरान जिले में कई जगह फर्जी मतदान और विवाद की स्थिति सामने आई। शाम 6 बजे तक 84.41 प्रतिशत मतदान हुआ। बिलाड़ा के भावी गांव के 12 नंबर बूथ पर वोटिंग को लेकर विवाद हो गया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जवाहर चौधरी ने बताया- वहां री-पोलिंग की मांग की जा रही है। ऐसे में एक बार वहां मौके से रिपोर्ट लेकर आयोग को भेजी जाएगी, इसके बाद फैसला होगा। ग्रामीण एसपी पंकज यादव ने बताया- जिले में अलग-अलग जगह करीब 50 लोगों को डिटेन किया है। वहीं 20 से ज्यादा गाड़ियों को जब्त किया है। उन्होंने बताया कि कई जगह मामले भी दर्ज हुए हैं। इसके अलावा भावी और अवमाना में फर्जी वोटिंग, भोपालगढ़ और बोरूंदा में कुछ जगह पथराव किया गया। ऐसे में वहां भी मामला दर्ज किया गया है। इधर, तिंवरी के डिगाड़ी ग्राम पंचायत में अनूठा मामला देखने को मिला। पंचायत में गुरुवार को नामांकन किए गए थे। इसके बाद शुक्रवार को जब वोट डाले गए तो ग्रामीणों ने फैसला किया कि एक को सर्वसम्मति से सरपंच चुना जाएगा। ऐसे में गांव के 94 लोगों ने ही मतदान किया। जिले में दोपहर 3 बजे तक 68 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं 1 बजे तक 51.37 प्रतिशत तक मतदान हुआ था। इसके अलावा सुबह 10 बजे तक जोधपुर की 17 पंचायत समितियों में कुल 23.54% मतदान हुआ था। दो प्रत्याशी थे मैदान में डिगाड़ी में सरपंच पद के लिए गीता देवी पत्नी पोकरराम मेघवाल और कौशल्या पत्नी मनोज कुमार मेघवाल ने नामांकन दाखिल किया था। ग्रामीण चाहते थे कि गांव में चुनावी खींचतान के बजाय आपसी सहमति से सरपंच का चयन हो। इसके लिए गांव के 21 मौजीज लोगों ने दोनों प्रत्याशियों और उनके परिजनों से बातचीत शुरू की। गुरुवार दोपहर 2 बजे तक कई दौर की समझाइश के बावजूद सहमति नहीं बन पाई और दोनों के नामांकन मैदान में रहे। ग्रामीणों ने प्रयास जारी रखे। शाम 5 बजे तक चली बातचीत के बाद कौशल्या के परिजन गीता देवी के समर्थन के लिए राजी हो गए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि गांव के लोग कौशल्या के बजाय गीता देवी पोकरराम को ही वोट दें। यहां देखें किस पंचायत समिति में कितना प्रतिशत मतदान हुआ… तिंवरी और केरू पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों में निर्विरोध चुने सरपंच 17 पंचायत समितियों आसोप, बावड़ी, भोपालगढ़, बिलाड़ा, धवा, हतुंडी, झंवर, कापरड़ा, केरू, लूणी, मंडोर, ओसियां, पीपाड़ सिटी, सालवा खुर्द, सामराऊ, तिंवरी और उम्मेदनगर में वोटिंग जारी है। पंचायत समिति तिंवरी की नई ग्राम पंचायत चौधरी चरणसिंह नगर में सरपंच सहित सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। ग्रामीणों ने लंबी बैठक के बाद आपसी सहमति से यह फैसला लिया। ग्रामीणों की सहमति से पप्पू देवी को सरपंच बनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही मांगीलाल भाखर, कुम्भाराम जाखड़, साग सिंह, मीमो देवी, बाबू राम खोत, नोजी देवी और चम्पा राम वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए। ग्राम पंचायत में सरपंच पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिला के लिए आरक्षित था। ग्रामीण अमेश चौधरी ने बताया कि पंचायत के पहले चुनाव में सरपंच सहित सभी प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना ग्रामीणों की एकजुटता दिखाता है। वहीं, केरू चावण्डा ग्राम पंचायत में किशन सिह राजपुरोहित को निर्विरोध सरपंच बनाया गया है।