जोधपुर शहर में आज हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया था। इसके चलते शहर में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। आने वाले दो दिनों तक हीट वेव का अलर्ट जारी रहेगा। मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के उप अधीक्षक डॉक्टर दीपक टाक ने बताया कि इस तरह के मौसम में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दोपहर 12:00 बजे से लेकर 4 बजे तक यदि आवश्यक न हो तो घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। यदि आवश्यक हो तो खुद का बचाव करके घर से बाहर निकले और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि हीट वेव को लेकर जोधपुर जिले में अलर्ट जारी किया गया है, हालांकि शहर में रेड अलर्ट नहीं है लेकिन इसकी व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। शहर में बुधवार को दिन के समय का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया है। आने वाले दो दिनों में हीट वेव का अलर्ट जारी रहेगा। फिलहाल बारिश होने के आसार नहीं है। ऐसे में लोगों को धूप से परेशान होना पड़ेगा।