जोधपुर के झंवर और कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्रों में चोरों ने 2 अलग-अलग मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर ली। दोनों ही मामलों में परिवादी अपने काम से बाहर या खेत में गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दोनों की रिपोर्ट के आधार पर झंवर और कुड़ी थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। धवा गांव में बक्से के ताले तोड़कर चुराए 7 लाख के गहने-नकदी केस 1: झंवर पुलिस के अनुसार धवा स्थित राम हॉस्पिटल के पीछे निवासी पारसराम सरगरा (38) पुत्र चंद्राराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी के अनुसार घटना की रात उसके माता-पिता और भाई की पत्नी बच्चों सहित घर पर ताला लगाकर खेत में गए हुए थे। सुबह जब वे लौटे तो चोरी का पता चला। अज्ञात चोर छोटे भाई की पत्नी के बक्से का ताला तोड़कर 2500 रुपये नकद, आधा तोला सोने की रखड़ी, सवा तोला सोने की कंठी व लूंग की जोड़ी, 33 तोला चांदी का कंदोरा और 50 तोले का चांदी का कड़ला सहित करीब पांच लाख रुपए कीमत का सामान चुरा ले गए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई धन्नाराम को सौंपी गई है। कुड़ी में दिनदहाड़े वारदात, रसोइए पर जताया संदेह केस 2: कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस के अनुसार गंगा विहार निवासी प्रदीप कुमार कुम्हार (27) पुत्र रवि शंकर लिम्बा ने रिपोर्ट दी है। परिवादी 20 अप्रैल को कार्यालय में था और पत्नी स्कूल गई हुई थी। घर लौटने पर ताला टूटा मिला। अलमारी में रखे बैग की जांच करने पर दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी प्लेटिनम की पायल, चार बिछिया और एक सोने की नथ सहित 3600 रुपये नकद गायब मिले। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाला परिवार भी शादी में बाहर गया था, चोरों ने उनके घर का दरवाजा भी तोड़ दिया। परिवादी ने अपने रसोइए पर अंदेशा जताया है, जो घटना के दिन ही दो दिन की छुट्टी लेकर गया था। कुड़ी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच एएसआई जेपीराम मीणा को सौंपी है।