जोधपुर में फीस बढ़ोतरी और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर स्टूडेंट्स जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट को बंद कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि हर साल फीस बढ़ाई जा रही है, लेकिन कैंपस में सुविधाओं के नाम पर कोई सुधार नहीं हो रहा। धरने के कारण गेट पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। इस दौरान कार और बाइक पर आए लोग अंदर जाने का इंतजार करते रहे। छात्र नेता झुंझार सिंह चौधरी के नेतृत्व में स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी में सुविधाएं देने समेत 21 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से समझाइश भी की गई, लेकिन वे नहीं माने। स्टूडेंट्स की मांग थी कि कुलगुरु आकर उनकी समस्याएं सुने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दें। इस दौरान पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। स्टूडेंट्स ने यूनिवर्सिटी के न्यू कैंपस का गेट बंद बंद कर की नारेबाजी एनएसयूआई के इकाई अध्यक्ष झुझांर सिंह के नेतृत्व में स्टूडेंट ने गुरुवार सुबह यूनिवर्सिटी के न्यू कैंपस का गेट बंद कर दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर भगत की कोठी थाने से पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही यूनिर्विसटी का स्टाफ भी समझाइश के लिए पहुंचा। छात्र नेता बोले- फीस बढ़ने के बाद भी सुविधा के नाम कुछ भी नहीं छात्र नेता का कहना है कि यूनिवर्सिटी में काफी समय से वाटर कूलर बंद पड़े है। स्टूडेंट को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। स्टाफ समझाइश करने पर छात्र नेता ने कहा कि स्टाफ अपने घर से पानी की बोतल साथ लेकर आता है। यूनिवर्सिटी की ओर से हर साल फीस में बढ़ोतरी की जा रही है, लेकिन सुविधा के नाम कुछ नहीं है। स्पोर्ट्स क्लब बंद पड़ा है, इसके साथ ही हॉस्टल के काम भी रुके हुए है। गर्ल्स के तीन हॉस्टल है, लेकिन एक में भी वार्डन नहीं है। छात्र नेता बोले- जातिगत टारगेट किया जा रहा है छात्र नेता झुंझार सिंह ने बताया कि यूजी-पीजी के हॉस्टल को लेकर जातिगत टारगेट किया जा रहा है। रातों-रात हमारे वार्डन चेंज हो रहे है, जबकि दूसरे हॉस्टल में कोई बदलाव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर हमें टारगेट किया गया तो हम झुकने वाले नहीं है। उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि डीन ने अपने फंड से वाटर कूलर लगाए, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से कोई भी काम नहीं किया। इर्द-गिर्द लोगों को कहा जा रहा है कि आप भी खाओ-हमें भी खिलाओ।