जोधपुर की राजीव गांधी नगर थाना पुलिस और गोताखोरों की सतर्कता से बुधवार शाम एक 32 साल के युवक की जान बच गई। पारिवारिक कलह से परेशान यह युवक फलोदी से 150 किलोमीटर का सफर तय करके जोधपुर की कायलाना झील पहुंचा था। इस मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने आत्महत्या करने के लिए बकायदा 'गूगल मैप' पर सुसाइड पॉइंट सर्च किया था। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस के अनुसार, फलोदी जिले के मोखेरी गांव निवासी लीलाधर (32) पुत्र कीर्ताराम का अपने घर वालों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी गुस्से में वह घर से निकल गया और जोधपुर स्थित कायलाना झील पर पहुंच गया। यहां झील के किनारे बैठकर उसने परिजनों को फोन किया और पानी में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इस मामले की पूरी जानकारी दी। रोता हुआ फोन पर बात कर रहा था युवक कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्र पाल सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। कायलाना चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल दिनेश सोढ़ा ने तत्काल गोताखोर भरत कड़वासरा (चौधरी) को मौके पर बुलाया। गोताखोर भरत अपनी टीम के साथ तुरंत झील के पास पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद युवक झील के किनारे बैठकर रोता हुआ और फोन पर बात करता हुआ मिल गया। समझाइश के बाद परिजनों के साथ भेजा पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सावधानी बरतते हुए युवक को पानी में कूदने से पहले ही सुरक्षित पकड़ लिया और कायलाना चौकी लेकर आ गए। पूछताछ में लीलाधर ने बताया कि वह घरेलू विवाद से परेशान होकर अपनी जान देने के इरादे से यहां आया था। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों को जोधपुर बुलाया। उनके यहां पहुंचने के बाद पुलिस अधिकारियों ने लीलाधर और उसके घरवालों से समझाइश और काउंसलिंग करने के बाद युवक को सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया गया है।