जोधपुर में 4 दिन पहले एक युवक को पिस्तौल दिखाकर, अपहरण करने और मारपीट मामले में अब तक पुलिस द्वारा मामला दर्ज नहीं करने पर परिजनों ने नाराजगी जताई। मामले में पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार के नेतृत्व में लोग मंगलवार को DCP वेस्ट ऑफिस पहुंचे और ज्ञापन दिया। पंवार ने कहा- यदि दो दिन में मामला दर्ज कर आरोपियों पर एक्शन नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इधर मामले में DCP वेस्ट कमल शेखावत ने कहा- परिवाद पर जांच चल रही है। इसके बाद आवश्यकता होने पर FIR दर्ज करवाई जाएगी। यह वारदात प्रताप नगर सदर थाना क्षेत्र में 26 जून को हुई थी। पीड़ित पुण्यवीर सिंह ने बताया- मैं मनन मोटर्स चेतक में काम करता था। वहां मलिक के लड़के अनिकेत धूत ने मुझे आखलिया सर्किल से गर्दन पकड़ कर उठाया और इनोवा गाड़ी में पटक दिया। इसके बाद मुझे पिस्तौल दिखाकर डराया। बाद में न्यू पावर हाउस स्थित प्लास्टिक की फैक्ट्री में ले गए। वह काम करने वाले बंगाली स्टाफ ने मेरे साथ मारपीट की। मुझे लकड़ी के डंडों से पीटा। पिस्टल दिखाकर डराया और फोन छीन लिया। फोन का डेटा डिलीट कर दिया। बाद में मुझसे सादा कागज पर साइन करवाए गए। मैंने शिकायत दी तो पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया। पीड़ित ने आरोप लगाया- जब मैं थाने गया तो वहां मारपीट और अपहरण करने वाला आरोपी मनन धूत पहले से मौजूद था। जब मैंने पुलिस को बोला कि मुझे हथियार दिखाकर डराया तो पुलिस ने जवाब दिया कि AK47 थोड़ी दिखाई है। पीड़ित चक्कर लगा रहा, एफआईआर दर्ज नहीं कर रही पुलिस पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने बताया- पुण्यवीर सिंह धूत मोटर्स में काम करते थे। वहां कुछ अनबन होने की वजह से मालिक ने उनके साथ मारपीट की। अपहरण करके ले गए और अभद्र व्यवहार किया। मामले में पुण्यवीर सिंह के परिवार और समाज के लोग न्याय मांगने के लिए DCP के पास आए हैं। पंवार ने पुलिस पर सवाल खड़े करते हुए कहा- चार दिन तक मामले में FIR दर्ज नहीं की गई। तीन दिन तक MLC के लिए पीड़ित चक्कर काटता रहा। यदि ये लोग खुद ही कानून हाथ में लेंगे तो समाज कैसे चलेगा। मामले में DCP ने FIR दर्ज करवाने का आश्वासन दिया है। दो दिन में FIR दर्ज नहीं होती है तो हम एक बार फिर यहां आएंगे। कमिश्नर के पास भी जाएंगे। डीसीपी वेस्ट बोलीं- परिवाद पर चल रही जांच मामले को लेकर DCP वेस्ट कमल शेखावत ने जानकारी दी। उन्होंंने बताया कि पूर्व विधायक आज लोगों के साथ यहां आई थी। उनके साथ आए बच्चे ने कुछ शिकायतें बताई कि उसके साथ क्या-क्या हुआ। इसे लेकर थाने में परिवाद दर्ज हो चुका है। इसकी जांच चल रही है। मैंने संबंधित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया है कि पूरे मामले की आज ही जांच पूरी कर आवश्यकता होने पर एफआईआर दर्ज करें।