जोधपुर में सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के सहयोग से रोड सेफ्टी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सड़क सुरक्षा समिति के फाउंडर एवं परिवहन निरीक्षक भारत जांगिड़ ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अभिभावक तो हेलमेट पहनते हैं। उनके साथ बैठे छोटे बच्चे बिना हेलमेट सफर करते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में बच्चों को गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। उन्होंने बताया कि 4 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए कानूनन हेलमेट करना भी अनिवार्य है। आदर्श विद्या मंदिर कमला नेहरू नगर में आयोजित इस ‘क्राउन फॉर किड्स’ अभियान के तहत नर्सरी से पांचवीं क्लास तक के बच्चों को 275 हेलमेट फ्री बांटे गए। छोटे बच्चे को भी हेलमेट पहनना जरूरी जांगिड़ ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा समिति की टैगलाइन “रोड सेफ्टी मेक इट हैबिट” को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बचपन से ही बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना और हेलमेट पहनने की आदत डालना है, ताकि भविष्य में वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उनके अभिभावक भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सजग हों। यह हेलमेट भामाशाह राम किशोर जांगिड़ की ओर से उपलब्ध करवाए गए। 850 से ज्यादा हेलमेट निशुल्क बांटे सामाजिक जन-जागरूकता अभियान के तहत शहर के अलग-अलग स्कूलों में 1000 छोटे हेलमेट वितरित करने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक अलग-अलग स्कूलों, एयरफोर्स स्टेशन और आर्मी एरिया में 850 से ज्यादा हेलमेट निशुल्क वितरित किए जा चुके थे। मंगलवार को 275 हेलमेट वितरण के साथ 1100 से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग जोधपुर के ज्वाइंट कमिश्नर अर्जुन सिंह राठौड़, यातायात पुलिस जोधपुर की एडीसीपी शालिनी राज, जिला परिवहन अधिकारी छगनलाल मालवीय, आदर्श विद्या मंदिर प्रबंध समिति के सचिव मिश्रीलाल प्रजापति, प्राचार्य भोमराज जोशी और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।