जोधपुर में कुत्ते को जेसीबी से लटकाकर मार दिया गया। वह एक कंपनी का पालतू डॉग था। उसे दूसरी कंपनी के कर्मचारी ने रस्सी से बांधकर जेसीबी से लटकाया था। मामला विवेक विहार थाना इलाके का 12 अप्रैल की रात का है। आरोपियों ने कुत्ते को मारकर गड्‌ढे में फेंक दिया था। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कुत्ते के मालिक ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। इसके बाद सोमवार देर रात दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। देखिए, डॉग को मारने की PHOTOS… रोटी का लालच देकर बुलाया, फिर रस्सी से बांधा सालावास निवासी मनोज कुमार गहलोत ने विवेक विहार थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उनकी सालावास के बोरानाडा रोड पर शिवम इंटरनेशनल नाम से कंपनी है। 12 अप्रैल की रात को उनका पालतू डॉग 'बॉस' कंपनी की बिल्डिंग के बाहर घूम रहा था। घूमते-घूमते वह पास ही स्थित एक दूसरी कंपनी (फैक्ट्री) के परिसर में चला गया। उस कंपनी के एक कर्मचारी ने कुत्ते को रोटी का लालच देकर अपने पास बुलाया और जेसीबी के साथ रस्सी से बांध दिया। इसके बाद जेसीबी को ऊंचा उठाकर उसकी जान ले ली। कुत्ते को मारने के बाद एक गड्ढे में फेंक दिया गया था। 13 अप्रैल को जब उनका कुत्ता नहीं मिला तो तलाश की। तलाश करने पर वह मेडिकल डिवाइस पार्क बोरानाडा में पड़ा मिला। आसपास के सीसीटीवी चेक करने पर घटना का पता चला। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार विवेक विहार थाना अधिकारी दिलीप खदाव ने बताया- मामले में करनाल (हरियाणा) निवासी राजकुमार और उत्तर प्रदेश निवासी मैनपाल को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पीड़ित की कंपनी के पास में दूसरी कंपनी में काम करते हैं। आरोपियों का कहना है कि कुत्ते ने उन्हें एक बार काट लिया था, जिससे वह परेशान थे। इस कारण उसे मार दिया।