जोधपुर शहर में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। सुबह करीब 11 बजे अचानक बादल छाए और अंधेरा हो गया। इसके बाद आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। वहीं पिछले दिनों लगातार बदल रहे मौसम और बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इधर, मौसम विभाग ने सोमवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अनुमान है कि अगले 24 घंटे में मानसून जोधपुर में एंट्री कर सकता है। शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन शहर में बारिश का दौर चला था। वहीं रविवार को मौसम साफ रहा और उमस ने लोगों को काफी परेशान किया। इधर, रविवार रात में अचानक मौसम बदला और आंधी शुरू हुई। इस आंधी की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अगले दो दिन आंधी-बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर शहर में अगले दो दिन आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 8 जुलाई तक आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 9 जुलाई के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है और आसमान भी छाए रहेंगे।