जोधपुर शहर को दीपावली से पहले सोमवार को दो बड़ी सौगातें मिली हैं। नगर निगम की ओर से डोर टू डोर कचरा संग्रहण अभियान के तहत नए वाहन शहर की गलियों में पहुंचेंगे। खास बात ये है कि इन गाड़ियों की पूरी लाइव ट्रैकिंग भी होगी। इसके साथ ही सोमवार को मेयर प्रसन्नचंद मेहता, शहर विधायक अतुल भंसाली, डिप्टी मेयर विजय सिंह पंवार और नगर निगम आयुक्त राहुल जैन की ओर से 4 नई इलेक्ट्रिक बस सर्विस की शुरुआत की गई है। ये बस मंडोर से सांगरिया फाटा तक संचालति होगी। ऐसे में इस रूट पर चलने वाले यात्रियों को भी काफी फायदा होगा। डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन की होगी लाइव ट्रैकिंग मेयर प्रसन्नचंद मेता ने बताया कि डोर टू डोर कचरा संग्रहण के लि वार्डों की जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर गाड़ियों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ये पूरी व्यवस्था मैपिंग प्रणाली के तहत डेवलप की गई है। इसके तत गाड़ी कितने घरों तक पहुंची, कितने घरों से कचरा कलेक्ट किया और कितना वेस्ट कलेक्ट किया, इस सभी की जानकारी होगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित समय पर ही बाहर निकालें और कचरा संग्रहण वाहन में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दें। उन्होंने पार्षदों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सफाई अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। जनसहभागिता से स्वच्छ बनेगा जोधपुर : अतुल भंसाली शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी और विस्तारित क्षेत्र को देखते हुए कचरा संग्रहण के संसाधनों को मजबूत करना आवश्यक है। नगर निगम की ओर से शुरू की गई यह पहल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को मिलकर काम करना होगा। प्रत्येक वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था का टारगेट: विजय सिंह पंवार डिप्टी मेयर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य दीपावली से पहले शहर के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना है। इसके लिए 14 अक्टूबर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वार्डवार टीमों के माध्यम से सफाई कार्य करवाए जा रहे हैं और कचरा संग्रहण की समस्या का समाधान करने के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों, पार्षदों और कर्मचारियों से निगम की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा शहर को स्वच्छ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। मंडोर से सांगरिया फाटा तक शुरू हुई ई-बस सेवा वातानुकूलित पीएम ई-बस सेवा के तहत मंडोर से सांगरिया फाटा तक नए मार्ग पर इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन भी शुरू किया गया। पहले चरण में 4 बसें संचालित की जाएंगी, जबकि आगामी दिनों में 4 और बसें शुरू करने की योजना है। इस प्रकार नए मार्ग पर कुल 8 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। यह बस सेवा मंडोर से किशोरबाग, कृषि मंडी, महामंदिर, पावटा, नई सड़क, रेलवे स्टेशन, रोटरी सर्किल, एमडीएम अस्पताल, शास्त्री सर्किल, डीजल शेड और बासनी थाना होते हुए सांगरिया फाटा तक पहुंचेगी।